इज्जतनगर मंडल में 9 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, देशभक्ति गतिविधियों से गूंजेंगे स्टेशन

बरेली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भारतीय रेल पर 9 से 17 अगस्त 2026 तक 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाया जाएगा। इसी क्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में भी विभिन्न देशभक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के साथ भावनात्मक और व्यक्तिगत जुड़ाव को मजबूत करना है। 15 अगस्त को घरों, कार्यालयों, संस्थानों, रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराया जाएगा। विभिन्न अवसरों पर राष्ट्रीय गीत ?वंदे मातरम्? की लिरिक्स भी बजाई जाएंगी।

देशभक्ति प्रतियोगिताओं से लेकर तिरंगा दौड़ तक आयोजन

इज्जतनगर मंडल में अभियान के तहत रेलकर्मियों, यात्रियों और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें देशभक्ति गीत प्रतियोगिता, निबंध लेखन, चित्रकला प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैली, वृक्षारोपण अभियान और देशभक्ति आधारित नुक्कड़ नाटक प्रमुख हैं।

इसके साथ ही 'फिट इंडिया रन तिरंगा दौड़' और रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से लोगों को राष्ट्रप्रेम के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक किया जाएगा।

तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर दिखा सकेंगे देशभक्ति का जुड़ाव

'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत नागरिक अपने घरों, कार्यालयों, स्टेशनों और सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा फहराने के साथ उसके साथ सेल्फी लेकर अभियान में अपनी भागीदारी दर्ज करा सकेंगे। अभियान से जुड़ी गतिविधियों के लिए हर घर तिरंगा की आधिकारिक वेबसाइट पर तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड और डाउनलोड करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसमें राष्ट्रीय गीत ?वंदे मातरम्? की लिरिक्स स्वतः बजने की व्यवस्था की गई है।

रेल प्रशासन ने रेलकर्मियों, यात्रियों और आमजन से अपील की है कि वे स्वतंत्रता दिवस के इस तिरंगा महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और 'हर घर तिरंगा' अभियान को जन-जन का अभियान बनाने में सहयोग करें।