‘वंदे मातरम्’ की धुन से गूंजा इज्जतनगर स्टेशन, तिरंगे के रंग में रंगा रेलवे परिसर हर घर तिरंगा अभियान के तहत देशभक्ति कार्यक्रम, यात्रियों और रेलकर्मियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

बरेली। हर घर तिरंगा अभियान और वंदे मातरम् गीत के गौरवशाली 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को इज्जतनगर रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में रेलवे सुरक्षा बल प्रशिक्षण केंद्र, गोरखपुर के बैंड दल ने देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर स्टेशन परिसर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।

बैंड दल ने वंदे मातरम् सहित विभिन्न देशभक्ति गीतों की मधुर धुनें प्रस्तुत कीं। जैसे ही देशभक्ति गीतों की स्वर लहरियां स्टेशन परिसर में गूंजीं, वहां मौजूद यात्रियों और रेलकर्मियों में उत्साह का माहौल बन गया। पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम की भावना से सराबोर नजर आया।

यात्रियों ने भी उत्साह से लिया हिस्सा

कार्यक्रम में इज्जतनगर मंडल के सहायक मंडल सुरक्षा आयुक्त मोहम्मद असलम, रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक, ऑफ-ड्यूटी स्टाफ और स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान स्टेशन परिसर में विशेष सेल्फी पॉइंट भी स्थापित किया गया। रेलकर्मियों और यात्रियों ने यहां उत्साह के साथ सेल्फी लेकर हर घर तिरंगा अभियान के प्रति अपनी भागीदारी और देशभक्ति की भावना व्यक्त की।

राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश

इस आयोजन का उद्देश्य रेलकर्मियों और यात्रियों को हर घर तिरंगा अभियान से जोड़ना तथा राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना रहा। देशभक्ति गीतों और तिरंगे के प्रति उत्साह ने स्टेशन परिसर में एक सकारात्मक और गौरवपूर्ण वातावरण तैयार कर दिया।

रेलवे की ओर से रेलकर्मियों और यात्रियों से हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना प्रदर्शित करने का आह्वान किया गया।