माँ काली मंदिर की सुरक्षा के लिए लगाए गए तीन सीसीटीवी कैमरे

आलापुर (अंबेडकरनगर)।नगर पंचायत जहांगीरगंज के वार्ड नंबर 14 स्थित माँ काली मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गांव के गणमान्य लोगों ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए मंदिर परिसर में तीन सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए।

बताया जाता है कि बीती 9/10 की रात चोर मंदिर में काली जी और हनुमान जी के सामने लगे दोनों घंटों को चोरी कर ले गए थे। सुबह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे लोगों ने घंटियां गायब देखीं तो इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। घटना की जानकारी मिलने पर वार्ड के सभासद बालगोबिंद त्रिपाठी ने चोरी की शिकायत थाना जहांगीरगंज में दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करते हुए चोरी में शामिल आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाएगी।

मंदिर में हुई चोरी की घटना के बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सपा के प्रदेश सचिव योगेन्द्रनाथ त्रिपाठी ने एक बैठक बुलाई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मंदिर की सुरक्षा के लिए परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने चाहिए।

बैठक में मौजूद ग्रामीणों और बाजारवासियों ने इस पहल पर सहमति जताते हुए तत्काल कैमरे लगाने का निर्णय लिया। इसके बाद मंदिर परिसर में तीन सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर दिए गए।

इस दौरान वरिष्ठ सपा नेता योगेन्द्रनाथ त्रिपाठी, सभासद बालगोबिंद त्रिपाठी, शशिकांत दूबे ?मिंकी?, शानू दूबे सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। माँ काली मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने पर वार्ड के ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और इसे मंदिर की सुरक्षा की दिशा में अहम कदम बताया।