तालाब पर अतिक्रमण हटाने पहुंचा प्रशासन, बुलडोजर से कई मकान ध्वस्त; विधवा महिला का परिवार बेघर

आलापुर (अंबेडकरनगर)। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम देवरिया लाला में तालाब की भूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए तहसील प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान कई ग्रामीणों के मकान ध्वस्त कर दिए गए। इनमें विधवा प्रेमा देवी का मकान भी शामिल है। मकान टूटने के बाद उनके नाबालिग बच्चों और बेटियों के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब प्रशासन की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू हुई, तो प्रेमा देवी और उनके बच्चे अपने घर को ध्वस्त होते देखते रहे। परिवार के सामने वर्षों पुराने आशियाने के उजड़ जाने से भावुक माहौल बन गया।

बताया जाता है कि गांव के ही भीमसेन ने तालाब की भूमि पर हुए कथित अतिक्रमण को हटाने के लिए लखनऊ हाईकोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दाखिल की थी। न्यायालय के आदेश के बाद तहसील प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।

प्रशासन की कार्रवाई में करीब दर्जनभर ग्रामीण प्रभावित हुए। ग्रामीणों के अनुसार, रामनरायन समेत पांच लोगों, विधवा प्रेमा देवी, रामबिलास व उनके भाई, रामसकल तथा याचिकाकर्ता भीमसेन के मकान तालाब की भूमि में पाए गए। सोमवार दोपहर बाद हुई कार्रवाई में रामनरायन समेत प्रेमा देवी, रामबिलास व उनके भाई और रामसकल के मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया।

हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि जिन मकानों को तालाब की भूमि में बताया गया, उनमें याचिका दाखिल करने वाले भीमसेन का मकान भी शामिल था, लेकिन कार्रवाई के दौरान उनका मकान नहीं गिराया गया। इसको लेकर ग्रामीणों के बीच चर्चा और सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

बुलडोजर कार्रवाई के दौरान राजेसुल्तानपुर थाना प्रभारी तनुज कुमार पाल, उपनिरीक्षक गोबिंदनरायन मिश्र सहित पुलिस बल मौजूद रहा। तहसील प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार अमरनाथ द्विवेदी, राजस्व निरीक्षक श्रीपाल पाण्डे, लेखपाल विवेक कुमार, दयाशंकर, त्रिपुरारी नायक और श्रीराम समेत राजस्व कर्मी मौके पर मौजूद रहे।

ग्रामीणों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई, लेकिन प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और रहने की व्यवस्था को लेकर प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।