हरदोई में झोलाछाप डॉक्टर तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार, CJP प्रवक्ता रत्ना सिंह ने कार्रवाई पर उठाए सवाल, अवैध असलहे के साथ घूमने का आरोप

हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा एक युवक को तमंचे और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किए जाने की कार्रवाई को लेकर सवाल उठे हैं। वहीं पुलिस ने कार्रवाई को मुखबिर और ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर की गई गिरफ्तारी बताया है।
सीओ संडीला संतोष सिंह के अनुसार, कासिमपुर पुलिस ने मुखबिर एवं ग्रामीणों की सूचना पर अंकित पुत्र सूरजबली निवासी ग्राम मौउद्दीनपुर मजरा मासू को उसके क्लीनिक से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक उसके कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि स्थानीय लोगों ने बताया कि अंकित अक्सर तमंचा लगाकर घूमता था। वह पेशे से झोलाछाप डॉक्टर है। मामले में कासिमपुर थाने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इधर, कार्रवाई को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्हें एक स्वयंसेवक के माध्यम से मामले की जानकारी मिली है और आरोप लगाया कि अंकित गौतम के खिलाफ सक्षम शुक्ला की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई तथा पुलिस ने उसके क्लीनिक से अवैध हथियार बरामद करने का दावा किया है।
रत्ना सिंह ने मामले में पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी को लेकर निष्पक्ष जांच की आवश्यकता जताई है। हालांकि, पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए कार्रवाई को सूचना के आधार पर बताया है। मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट होगी।