स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगेगा मुंबई, मध्य रेल का आरपीएफ बैंड देगा विशेष प्रस्तुति

मुंबई। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के तहत मध्य रेल की ओर से मुंबई के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर आरपीएफ बैंड की विशेष देशभक्ति प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। रेल मंत्रालय एवं रेलवे बोर्ड के निर्देश पर आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य यात्रियों और आम नागरिकों में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है।

मध्य रेल का आरपीएफ बैंड 12 अगस्त को दादर रेलवे स्टेशन के पूर्वी हिस्से स्थित टर्मिनस सर्कुलेटिंग एरिया में प्रस्तुति देगा। इसके बाद 14 अगस्त को भायखला रेलवे स्टेशन के पश्चिमी सर्कुलेटिंग एरिया में कार्यक्रम आयोजित होगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को छत्रपती शिवाजी महाराज टर्मिनस स्थित जीएम बिल्डिंग, मुंबई में आरपीएफ बैंड की विशेष प्रस्तुति होगी।

तीनों स्थानों पर कार्यक्रम शाम 6 बजे से शुरू होंगे। बैंड की प्रस्तुतियों में देशभक्ति गीतों और राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत संगीत की मधुर धुनें सुनाई देंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस सप्ताह के दौरान रेलवे यात्रियों और आम जनता को देशभक्ति के जज्बे से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रमों को यादगार बनाने के लिए मध्य रेल की ओर से आयोजन स्थलों पर विशेष सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे। यात्री और आम नागरिक यहां तस्वीरें लेकर स्वतंत्रता दिवस समारोह के इन खास पलों को यादगार बना सकेंगे।

मध्य रेल ने कार्यक्रमों के सफल और सुचारु आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। रेलवे ने यात्रियों और मुंबईवासियों से बड़ी संख्या में इन देशभक्ति कार्यक्रमों में शामिल होकर स्वतंत्रता दिवस समारोह का हिस्सा बनने की अपील की है। साथ ही कार्यक्रम के दौरान अनुशासन बनाए रखने और रेलवे कर्मचारियों को सहयोग देने का अनुरोध किया गया है।

डॉ. स्वप्निल निला, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, मध्य रेल