टीटीई और आरपीएफ की मुस्तैदी से मां से बिछड़ा 5 वर्षीय मासूम 10 मिनट में मिला, मध्य रेल की तत्परता की सराहना

मध्य रेल के टिकट जांच कर्मचारी (टीटीई) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय से पुणे रेलवे स्टेशन पर अपनी मां से बिछड़ा पांच वर्षीय मासूम सुरक्षित मिल गया। इस सराहनीय कार्य की यात्रियों ने जमकर प्रशंसा की।

यह घटना 5 अगस्त 2026 की रात गाड़ी संख्या 11021 दादर?तिरुनेलवेली चालुक्य एक्सप्रेस में हुई। कोच एस-6 में यात्रा कर रहीं श्रीमती रेवती को ट्रेन के पुणे स्टेशन से रवाना होने के बाद पता चला कि उनका पांच वर्षीय बेटा उनके साथ नहीं है। जानकारी मिलने पर पता चला कि बच्चा गलती से एक अन्य यात्री के साथ पुणे स्टेशन पर ही उतर गया था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात टीटीई शंभू कुमार यादव ने तुरंत ट्रेन कंडक्टर अरविंद महतो और पुणे के चीफ क्रू कंट्रोलर को सूचना दी। उन्होंने बिना समय गंवाए पुणे आरपीएफ से संपर्क कर बच्चे का फोटो साझा किया।

आरपीएफ ने तुरंत खोजबीन शुरू की और महज 10 मिनट के भीतर बच्चे को सुरक्षित खोज लिया। बच्चे का फोटो टीटीई को भेजा गया, जिसे उसकी मां ने पहचान लिया। इसके बाद श्रीमती रेवती सातारा स्टेशन पर उतरकर वापस पुणे पहुंचीं, जहां उनका अपने बेटे से भावुक पुनर्मिलन कराया गया।

मध्य रेल ने टीटीई शंभू कुमार यादव की त्वरित निर्णय क्षमता, सजगता और उत्कृष्ट समन्वय की सराहना की। वहीं, यात्रियों ने भी पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए इस मानवीय पहल की प्रशंसा की।

मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान बच्चों पर विशेष नजर रखें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत ड्यूटी पर तैनात टीटीई, ट्रेन कंडक्टर से संपर्क करें या रेल मदद हेल्पलाइन 139 पर सूचना दें।