पीलीभीत में भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) तराई प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक सम्पन्न, भारत-अमेरिका ट्रेड डील व तिकुनिया कांड पर हुई अहम चर्चा

पीलीभीत। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) तराई प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को जनपद पीलीभीत की तहसील पूरनपुर स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा, ब्लॉक रोड पर आयोजित की गई। बैठक का आयोजन जिला अध्यक्ष पीलीभीत रंजीत सिंह कहलो के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।

बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र गिल ने की, जबकि संचालन प्रदेश सचिव गुरविंदर सिंह के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर तराई क्षेत्र के 9 जिलों के जिला अध्यक्षों, मंडल पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने भाग लिया।

बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने संगठन की मजबूती, किसानों की समस्याओं तथा आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से अपने विचार रखे।

बैठक में प्रमुख रूप से भारत-अमेरिका ट्रेड डील समझौते को रद्द किए जाने की मांग, लखीमपुर खीरी के तिकुनिया कांड के आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, तथा किसानों से जुड़ी विभिन्न क्षेत्रीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने किसानों के हितों की रक्षा के लिए संगठन को और मजबूत बनाने तथा आवश्यक होने पर बड़े जनआंदोलन की रूपरेखा तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया।

इस अवसर पर जिला पीलीभीत की संपूर्ण कार्यकारिणी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।