रील के लिए चलती ट्रेन में स्टंट पड़ा भारी, वायरल वीडियो के बाद आरपीएफ ने युवक को दबोचा

मुंबई। सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए चलती ट्रेन में जानलेवा स्टंट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। मध्य रेल की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की।

आरपीएफ के अनुसार आरोपी की पहचान मोहम्मद खुर्शीद (22), निवासी कलवा के रूप में हुई है। उसने स्वीकार किया कि 2 अगस्त 2026 को कलवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर चलती उपनगरीय ट्रेन में खतरनाक स्टंट किया था। घटना का वीडियो बनाकर उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी अपलोड किया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो सामने आते ही मध्य रेल की आरपीएफ टीम सक्रिय हो गई और कलवा?मुंब्रा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर 4 अगस्त 2026 को आरोपी को कलवा (पूर्व) से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ आरपीएफ पोस्ट मुंब्रा में मामला दर्ज किया गया तथा रेलवे अधिनियम की धारा 154, 145 और 156 के तहत कार्रवाई की गई।

बाद में आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी कर रेलवे न्यायालय, कल्याण में पेश किया गया। अदालत ने उस पर जुर्माना लगाया और भविष्य में ऐसी हरकत न करने की चेतावनी देकर रिहा कर दिया।

मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील निला ने यात्रियों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के लिए चलती ट्रेन, फुटबोर्ड, रेलवे ट्रैक या ट्रेन की छत पर किसी भी प्रकार का स्टंट न करें। ऐसे कृत्य न केवल कानूनन अपराध हैं, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकते हैं।

रेलवे ने लोगों से आग्रह किया है कि यदि कहीं भी इस प्रकार की खतरनाक गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत रेल मदद हेल्पलाइन 139, आरपीएफ या जीआरपी को दें। मध्य रेल ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।