फिरोजपुर मंडल की बीडीयू बैठक में कंटेनर कारोबार को बढ़ावा देने पर जोर, मिनी रेक सुविधा से व्यापारियों को मिलेगी बड़ी राहत

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल में मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार की अध्यक्षता में व्यापार विकास इकाई (बीडीयू) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेलवे बोर्ड की नई गाइडलाइन्स के तहत कंटेनर लोडिंग के लिए एक वर्ष तक 25 कंटेनरों वाली मिनी रेक सुविधा लागू किए जाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि मिनी रेक सुविधा शुरू होने से व्यापारियों को कम कंटेनरों के साथ भी माल भेजने की सुविधा मिलेगी। इससे कंटेनर लोडिंग की प्रक्रिया तेज होगी, माल परिवहन को गति मिलेगी और लॉजिस्टिक्स लागत में भी कमी आने की उम्मीद है। यह पहल क्षेत्र के व्यापार और उद्योग के लिए लाभदायक साबित होगी।

बैठक में रेलवे की माल ढुलाई सेवाओं, समय पर रेक उपलब्ध कराने, लोडिंग-अनलोडिंग व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा भविष्य में फ्रेट ट्रैफिक बढ़ाने की संभावनाओं पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही मंडल के गति शक्ति कार्गो टर्मिनल के संचालन और उससे मिलने वाले लाभों पर भी चर्चा हुई।

बैठक में कॉन्कोर के वरिष्ठ महाप्रबंधक डॉ. राकेश कुमार और टर्मिनल प्रबंधक, फिल्लौर विक्रम प्रताप सिंह ने भाग लेकर माल परिवहन में बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए अपने सुझाव दिए।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (एफएस) परमदीप सिंह सैनी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक गुरुशरण पाठक सहित अन्य रेलवे अधिकारी एवं पर्यवेक्षक भी उपस्थित रहे।