विदेशी यात्रियों को सुरक्षित मिला छूटा सामान, फिरोजपुर मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने पेश की ईमानदारी और सेवा की मिसाल

फिरोजपुर। फिरोजपुर रेल मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने अपनी तत्परता, ईमानदारी और सेवा भावना का परिचय देते हुए दो विदेशी यात्रियों का लाखों रुपये मूल्य का महत्वपूर्ण सामान सुरक्षित वापस दिलाकर रेलवे की उत्कृष्ट कार्यशैली का उदाहरण पेश किया।

घटना 3 अगस्त 2026 की है। लुधियाना रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान टिकट निरीक्षक कार्यालय में कार्यरत टिकट चेकिंग स्टाफ अमनप्रीत सिंह के पास दो विदेशी यात्री बेहद परेशान अवस्था में पहुंचे। उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 15708 में उनके 7 बैग, 3 लैपटॉप, पासपोर्ट और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज छूट गए हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अमनप्रीत सिंह ने बिना समय गंवाए ट्रेन में ड्यूटी कर रहे टिकट चेकिंग स्टाफ से संपर्क किया और सामान को सुरक्षित रखने का अनुरोध किया। साथ ही वाणिज्य नियंत्रण कक्ष, फिरोजपुर को सूचना देकर सरहिंद स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के माध्यम से सामान सुरक्षित रखवाने की व्यवस्था कराई।

इसके बाद उन्होंने दोनों विदेशी यात्रियों को ट्रेन संख्या 22430 से सरहिंद जाकर आरपीएफ कार्यालय से अपना सामान प्राप्त करने का मार्गदर्शन किया। सरहिंद स्टेशन पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आरपीएफ ने यात्रियों को उनका पूरा सामान सुरक्षित सौंप दिया।

अपना सामान सुरक्षित वापस मिलने पर दोनों विदेशी यात्रियों ने भारतीय रेलवे और संबंधित कर्मचारियों का दिल से आभार व्यक्त किया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने टिकट चेकिंग स्टाफ अमनप्रीत सिंह के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह घटना रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और यात्रियों के प्रति समर्पित सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। यह कार्य यात्रियों के बीच भारतीय रेलवे की विश्वसनीय और यात्री-केंद्रित छवि को और अधिक मजबूत करता है।