रेलवे की अपील: फाटक और रेल पटरी पार करते समय बरतें पूरी सावधानी, नियमों का करें पालन

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने यात्रियों और आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे फाटक और रेल पटरियों को सुरक्षित तरीके से पार करने की अपील की है। मंडल द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

रेलवे प्रशासन ने कहा है कि किसी भी स्थिति में रेल पटरियों को अनधिकृत रूप से पार न करें। यात्रियों और आमजन को हमेशा फुट ओवर ब्रिज, सबवे या अधिकृत मार्ग का ही उपयोग करना चाहिए। रेल फाटक बंद होने पर उसके नीचे से निकलने या जल्दबाजी करने का प्रयास न करें, बल्कि फाटक खुलने तक धैर्यपूर्वक प्रतीक्षा करें।

रेलवे ने यह भी सलाह दी है कि फाटक पार करते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और आने-जाने वाली ट्रेनों पर पूरी नजर रखें। थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।

फिरोजपुर मंडल रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और अन्य विभागों के सहयोग से स्टेशनों, समपार फाटकों और आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चला रहा है। इसके तहत अनाउंसमेंट, पोस्टर, जनसंपर्क कार्यक्रम और सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार सुरक्षा संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं।

रेलवे प्रशासन ने सभी यात्रियों और नागरिकों से अपील की है कि "सुरक्षित रहें, सतर्क रहें और रेलवे नियमों का पालन करें।" जिम्मेदार व्यवहार अपनाकर ही रेल दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और सभी की यात्रा सुरक्षित बनाई जा सकती है।