जम्मू मंडल के कंट्रोल ऑफिस की टीम सम्मानित, माल ढुलाई बढ़ाने के लिए औद्योगिक सर्वे भी होगा शुरू

जम्मू। उत्तर रेलवे के नवगठित जम्मू मंडल में रेल परिचालन को सुरक्षित, समयबद्ध और निर्बाध बनाए रखने में अहम भूमिका निभाने वाले नियंत्रण कार्यालय (कंट्रोल ऑफिस) के कर्मचारियों को बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में प्रशंसा प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कर्मचारियों को यह सम्मान वर्षभर उत्कृष्ट परिचालन प्रबंधन, संरक्षा मानकों के पालन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतरीन कार्य करने के लिए प्रदान किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि नियंत्रण कार्यालय मंडल की परिचालन व्यवस्था की रीढ़ है। ट्रेनों का सुरक्षित संचालन, समयपालन, मार्गों की निगरानी तथा आपात परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने का दायित्व इसी टीम पर होता है। इस वर्ष मानसून के दौरान मार्ग बाधित होने, राष्ट्रीय राजमार्ग बंद रहने और श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान बढ़े अतिरिक्त रेल यातायात के बावजूद नियंत्रण कार्यालय की टीम ने रेल संचालन को सुचारु बनाए रखा और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की।

अधिकारियों ने कहा कि नियंत्रण कार्यालय का कार्य यात्रियों को प्रत्यक्ष रूप से दिखाई नहीं देता, लेकिन प्रत्येक ट्रेन का सुरक्षित और समयबद्ध संचालन इसी टीम की सतर्कता, समर्पण और निरंतर मेहनत का परिणाम है। विशेष रूप से USBRL रेलखंड की जटिल परिचालन परिस्थितियों में कर्मचारियों का योगदान सराहनीय रहा।

इसी अवसर पर जम्मू मंडल में माल यातायात की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक मैपिंग एवं मार्केट सर्वे कराए जाने की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में गठित जम्मू मंडल में माल ढुलाई की संभावनाओं का अभी व्यापक आकलन होना बाकी है। इस सर्वे के माध्यम से वैज्ञानिक आधार पर यह पता लगाया जाएगा कि किन क्षेत्रों में कौन-कौन सी वस्तुओं का उत्पादन और खपत हो रही है तथा वहां रेलवे किस प्रकार बेहतर माल परिवहन सेवाएं उपलब्ध करा सकता है।

रेलवे का मानना है कि नए माल लदान केंद्र विकसित होने से स्थानीय उद्योगों को सस्ता, सुरक्षित और भरोसेमंद परिवहन मिलेगा। साथ ही सड़कों पर भारी वाहनों का दबाव कम होगा, ट्रैफिक जाम और प्रदूषण में कमी आएगी तथा क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। रेलवे ने इस परियोजना में भागीदारी के लिए अनुभवी परामर्श एजेंसियों को आमंत्रित किया है, ताकि जम्मू मंडल को भविष्य में एक मजबूत माल परिवहन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।