जम्मू मंडल की नई पहल: औद्योगिक मानचित्रण और बाजार सर्वेक्षण के लिए मांगी गई ईओआई, माल ढुलाई को मिलेगा बढ़ावा

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने क्षेत्र में रेल माल परिवहन को नई गति देने और उद्योगों को बेहतर लॉजिस्टिक्स सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मंडल ने औद्योगिक मानचित्रण (इंडस्ट्रियल मैपिंग) एवं बाजार सर्वेक्षण परियोजना के लिए विशेषज्ञ परामर्शदात्री एजेंसियों से रुचि की अभिव्यक्ति (ईओआई) आमंत्रित की है।

रेलवे के अनुसार यह सर्वेक्षण जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ पंजाब और हिमाचल प्रदेश के जम्मू मंडल के अधिकार क्षेत्र में आने वाले क्षेत्रों में किया जाएगा। परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र के मौजूदा और प्रस्तावित औद्योगिक क्लस्टरों का विस्तृत अध्ययन कर रेल माल परिवहन की नई संभावनाओं को विकसित करना है।

सर्वेक्षण के तहत विभिन्न वस्तुओं के आधार पर माल यातायात और बाजार की प्रवृत्तियों का आकलन, नए रेल माल लदान केंद्रों की पहचान तथा पर्यावरण-अनुकूल और किफायती रेल लॉजिस्टिक्स समाधान तैयार किए जाएंगे। इससे उद्योगों, व्यापारियों और किसानों को रेलवे के माध्यम से सस्ता, सुरक्षित और तेज परिवहन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

उत्तर रेलवे ने औद्योगिक एवं क्षेत्रीय सर्वेक्षण, लॉजिस्टिक्स एवं फ्रेट स्टडी, बाजार विश्लेषण और परामर्श सेवाओं में अनुभव रखने वाली एजेंसियों को इस परियोजना में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है।

रेलवे का मानना है कि इस पहल से जम्मू मंडल में नए माल लदान केंद्र विकसित होंगे, उद्योगों को राष्ट्रीय बाजारों से बेहतर संपर्क मिलेगा, सड़क परिवहन पर दबाव कम होगा और क्षेत्र के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

इच्छुक एजेंसियां उत्तर रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट से ईओआई दस्तावेज डाउनलोड कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकती हैं।