जोधपुर मंडल में डिजिटल निरीक्षण व्यवस्था की शुरुआत, डीआरएम ने 'बीटल एनालिटिक्स' प्लेटफॉर्म का किया लोकार्पण

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने रेलवे निरीक्षण प्रणाली को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने कैरेज एवं वैगन विभाग द्वारा विकसित 'बीटल एनालिटिक्स' डिजिटल प्लेटफॉर्म का लोकार्पण किया।

यह डिजिटल प्लेटफॉर्म रेलवे निरीक्षण की पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन और पारदर्शी बनाएगा। इसके माध्यम से यह जानकारी रियल-टाइम में उपलब्ध रहेगी कि किस तारीख को, किस ट्रेन का, किस निरीक्षक ने निरीक्षण किया तथा निरीक्षण के दौरान क्या कमियां मिलीं और उनके निस्तारण की क्या स्थिति है।

डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि रेलवे में डिजिटल तकनीकों के बढ़ते उपयोग से कार्यप्रणाली अधिक आधुनिक, पारदर्शी और प्रभावी बन रही है। विभागीय स्तर पर विकसित ऐसे नवाचार न केवल कार्यकुशलता बढ़ाते हैं, बल्कि निर्णय प्रक्रिया को भी अधिक परिणामोन्मुख बनाते हैं। उन्होंने कैरेज एवं वैगन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी तकनीक आधारित नवाचारों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि 'बीटल एनालिटिक्स' प्लेटफॉर्म से निरीक्षण व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होगी, सुरक्षा और अनुरक्षण की गुणवत्ता में सुधार आएगा तथा निरीक्षण से जुड़ी सूचनाओं की मॉनिटरिंग और फॉलो-अप पहले से अधिक आसान और प्रभावी हो सकेगा। इससे रेलवे की जवाबदेही और परिचालन दक्षता भी मजबूत होगी।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कैरेज एंड वैगन) अमित स्वामी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि जोधपुर मंडल में पहले से स्टेशन मदद, पावर विंग और कार्मिक विभाग के डिजिटल पोर्टल सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं। अब 'बीटल एनालिटिक्स' के जुड़ने से रेलवे निरीक्षण प्रणाली भी पूरी तरह डिजिटल और अधिक प्रभावी बनने की दिशा में आगे बढ़ेगी।