पंजाब में रेलवे विकास परियोजनाओं की समीक्षा, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिले सांसद मालविंदर सिंह कंग

दिल्ली। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पंजाब के सांसद मालविंदर सिंह कंग से मुलाकात कर राज्य में चल रही रेलवे विकास परियोजनाओं और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक के दौरान सांसद मालविंदर सिंह कंग ने आनंदपुर साहिब रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आधुनिक स्वरूप दिए जाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि आनंदपुर साहिब खालसा पंथ की जन्मस्थली है और स्टेशन का पुनर्विकास क्षेत्र की समृद्ध विरासत, संस्कृति और आध्यात्मिक पहचान को नई पहचान देगा।

बैठक में पंजाब के विभिन्न रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार और रेलवे अवसंरचना से जुड़े विकास कार्यों की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। रेल मंत्री ने परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित तथा विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।

सांसद मालविंदर सिंह कंग ने पंजाब में रेलवे के आधुनिकीकरण और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से राज्य में आधुनिक, यात्री-केंद्रित रेलवे अवसंरचना विकसित हो रही है, जिससे आम यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।