यात्रियों के लिए राहतभरी खबर: अमृतसर–चंडीगढ़ एक्सप्रेस में दो माह तक लगेगा अतिरिक्त एसी चेयरकार कोच

फिरोजपुर। यात्रियों की बढ़ती मांग और बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने ट्रेन संख्या 14541/14542 अमृतसर?चंडीगढ़ एक्सप्रेस में 2 अगस्त से 1 अक्टूबर 2026 तक अस्थायी रूप से एक अतिरिक्त वातानुकूलित (एसी) चेयरकार कोच लगाने का निर्णय लिया है।

रेलवे के इस फैसले से ट्रेन में सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी, जिससे अधिक यात्रियों को आरक्षित सीट मिल सकेगी। साथ ही प्रतीक्षासूची (वेटिंग लिस्ट) में कमी आएगी और यात्रियों को अधिक आरामदायक एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।

फिरोजपुर मंडल ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की आरक्षण एवं परिचालन संबंधी नवीनतम जानकारी राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली (एनटीईएस) या रेलवे हेल्पलाइन 139 के माध्यम से अवश्य प्राप्त कर लें।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने कहा कि यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधाएं उपलब्ध कराना उत्तर रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अतिरिक्त एसी चेयरकार कोच की व्यवस्था इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।