लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, शॉर्ट सर्किट के बाद सुरक्षित रोकी गई पैसेंजर ट्रेन

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के घटपुरी-बदायूं रेलखंड पर सोमवार सुबह गाड़ी संख्या 55328 बरेली सिटी-कासगंज पैसेंजर के इंजन में शॉर्ट सर्किट के कारण धुआं उठता दिखाई दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोको पायलट ने तत्काल सतर्कता और सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रेन को सुरक्षित रूप से रोक दिया, जिससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

घटना के तुरंत बाद लोको पायलट ने रेलवे कंट्रोल, संबंधित अधिकारियों तथा घटपुरी स्टेशन मास्टर को सूचना दी। इसके बाद इंजन को सवारी डिब्बों से अलग कर दिया गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और शीघ्र ही स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार लोको पायलट की त्वरित कार्रवाई और रेलवे कर्मचारियों के बेहतर समन्वय के चलते किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बदायूं और बरेली से तत्काल रिलीफ लोको भेजा गया, जिसकी मदद से ट्रेन को दोबारा संचालित कर सुरक्षित रूप से कासगंज के लिए रवाना कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा सहित वरिष्ठ अधिकारी मंडल नियंत्रण कक्ष में पहुंच गए और पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया।