शिकायत पर कार्रवाई: जोगराजपुर के बाद मढ़ा खुर्द कला में नाम बदलकर संचालित हो रहा मानक विहीन विद्यालय,जांच को पहुंचे अधिकारी

पूरनपुर,पीलीभीत।मानकों के विपरीत संचालित हो रहे निजी विद्यालयों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। शिकायत पर हुई जांच में मढ़ा खुर्द कला गांव में एक विद्यालय के अवैध रूप से संचालित होने की पुष्टि हुई है। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व में जोगराजपुर में सरस्वती शिशु मंदिर के नाम से एक अवैध विद्यालय संचालित किया जा रहा था। जांच के बाद विद्यालय को बंद करा दिया गया था तथा विद्यालय प्रबंधन पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाए जाने के संबंध में आख्या बीएसए पीलीभीत को भेजी गई थी। जिसके बाद विद्यालय का संचालन बंद कर दिया गया था।
अब शिकायत मिली कि वही संचालक मढ़ा खुर्द कला गांव में विद्यालय का नाम बदलकर दोबारा संचालन कर रहा है। शिकायत के आधार पर अधिकारियों के निर्देश पर संबंधित नोडल संकुल शिक्षक द्वारा जांच की गई, जिसमें विद्यालय का संचालन नियमों के विपरीत पाया गया।
सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में कई अन्य मानकविहीन विद्यालयों का संचालन किया रहा हैं।आरोप है कि ऐसे विद्यालयों से जहां बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है, वहीं सरकार के राजस्व को भी नुकसान पहुंच रहा है। शिकायतकर्ता नीलेश भारती ने ऐसे सभी अवैध विद्यालयों की जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।