विशेष आस्था और श्रद्धा का केंद्र है खुटार का प्राचीन बालाजी धाम मंदिर

खुटार (शाहजहांपुर)। नगर के मैलानी रोड पर स्थित प्राचीन बालाजी धाम मंदिर क्षेत्र की आस्था, विश्वास और सनातन संस्कृति का प्रमुख केंद्र है। वर्षों से यह पावन धाम लाखों श्रद्धालुओं की अटूट श्रद्धा का केंद्र बना हुआ है। मान्यता है कि सच्चे मन से बालाजी महाराज के चरणों में अपनी प्रार्थना करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं अवश्य पूर्ण होती हैं। यही कारण है कि आसपास ही नहीं बल्कि दूर-दराज के जनपदों से भी श्रद्धालु यहां दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं।
मंदिर परिसर में प्रतिदिन सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। विशेष रूप से मंगलवार और शनिवार को बाबा के दर्शन के लिए लंबी-लंबी कतारें लग जाती हैं। श्रद्धालु जयकारों के साथ बालाजी महाराज के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और मंगलकामना की प्रार्थना करते हैं। मंदिर में पूरे दिन भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहता है।
मंदिर प्रबंधन द्वारा प्रतिदिन आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया जाता है, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर स्वयं को धन्य महसूस करते हैं। सेवा भाव से जुड़े श्रद्धालु भंडारे और अन्य धार्मिक व्यवस्थाओं में बढ़-चढ़कर सहयोग करते हैं, जिससे मंदिर परिसर में सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल देखने को मिलती है।
बालाजी धाम केवल पूजा-अर्चना का स्थान ही नहीं, बल्कि लोगों के आध्यात्मिक विश्वास और सामाजिक एकता का भी केंद्र है। बालाजी धाम मंदिर के महंत श्री श्री 1008 अनिल पाण्डेय 'नंदन जी' महाराज ने बताया कि बालाजी महाराज की कृपा से दरबार में आने वाले हर भक्त के जीवन की अनेक कठिनाइयों का समाधान हुआ है।इसी अटूट आस्था एवं विश्वास के कारण प्राचीन बालाजी धाम मंदिर मैलानी रोड खुटार आज पूरे क्षेत्र सहित दूर दूर तक विशेष पहचान बनाए हुए है।