निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर कांग्रेस की बड़ी बैठक, कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ से उत्साहित हुए नेता

श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर में आज स्थानीय निकाय एवं पंचायत चुनावों की तैयारियों को लेकर कांग्रेस की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक हनुमान मंदिर धर्मशाला में हुई जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने से पार्टी नेताओं का उत्साह दोगुना हो गया।

बैठक में जिला प्रमुख दुलाराम इंदलिया, पूर्व विधायक दौलत राज नायक, पूर्व विधायक सोना देवी बावरी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा क्षेत्र के सरपंच, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी बैठक में शामिल हुए।

चुनावी रणनीति पर हुई चर्चा....

बैठक में आगामी स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। नेताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने और जनता से सीधा संवाद बढ़ाने पर जोर दिया।

पूर्व विधायक दौलत राज नायक ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दम पर ही चुनाव जीतेगी। वहीं जिला प्रमुख दुलाराम इंदलिया ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही कांग्रेस फिर से सत्ता में वापसी करेगी।

कार्यकर्ताओं की भीड़ देख गदगद हुए नेता....

बैठक में उमड़ी भारी भीड़ को देखकर कांग्रेस नेता गदगद हो गए। पूर्व विधायक सोना देवी बावरी ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का आना इस बात का संकेत है कि जनता कांग्रेस के साथ है।

नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर पार्टी की योजनाओं को बताएं और पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाएं। बैठक के अंत में सभी ने एकजुट होकर चुनाव में कांग्रेस को जीत दिलाने का संकल्प लिया।

बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश देखा गया। नारे और तालियों से पूरा हनुमान मंदिर धर्मशाला गूंजता रहा।