सामुदायिक सहभागिता से आई कार्ड प्राप्त कर नौनिहालों के खिले चेहरे

पत्रकार सुमित गर्ग,

खेरागढ़ (आगरा)। प्राथमिक विद्यालय कछपुरा सरेंडा में सामुदायिक सहभागिता के अंतर्गत आयोजित निःशुल्क आई-कार्ड वितरण कार्यक्रम उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त सैनिक श्री सुनील कुमार फौजी ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा ज्ञान एवं विद्या की अधिष्ठात्री माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत खेरागढ़ के प्रख्यात समाजसेवी एवं भामाशाह श्री कपिल गोयल तथा श्री संजय सिंघल ने सरकारी विद्यालय के विद्यार्थियों को कॉन्वेंट विद्यालयों की तर्ज पर आकर्षक निःशुल्क आई-कार्ड वितरित किए। आई-कार्ड प्राप्त करते ही बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और विद्यालय का वातावरण उल्लास से भर गया।

इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि सरकारी विद्यालयों के शिक्षक सीमित संसाधनों एवं विषम परिस्थितियों में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग हेतु आगे आने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में एआरपी श्री सौरभ शर्मा ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी दी। एआरपी श्री अजय कुमार सिकरवार ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों को बच्चों की नियमित शिक्षा के प्रति जागरूक किया। वहीं एआरपी श्री संतोष कुमार ने प्रेरणादायी शब्दों में कहा, "शिक्षा उस शेरनी का दूध है, जो पिएगा वही दहाड़ेगा।"

विशेष आकर्षण के रूप में स्पेशल एजुकेटर श्री छत्तर सिंह द्वारा विद्यालय के तीन दिव्यांग विद्यार्थियों को होम-बेस्ड एजुकेशन किट एवं व्हीलचेयर प्रदान की गई, जिससे सभी उपस्थितजन भावुक एवं प्रेरित हुए।

कार्यक्रम का सफल संचालन कार्यवाहक प्रधानाध्यापक डॉ. सतीश कुमार सिकरवार ने किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, अकादमिक टीम, लोकेश सिकरवार फौजी, अनिल सिकरवार फौजी, कान्हा, हरिओम तोमर, विवेक सिकरवार, धर्मेंद्र, रामभरोषी, समस्त ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।