भाकियू (टिकैत) ने जिलाधिकारी से की शिष्टाचार भेंट, माधोटांडा-टनकपुर बाईपास चौराहे का नाम 'बाबा महेंद्र सिंह टिकैत' के नाम पर रखने की मांग

पीलीभीत। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष गुरदीप सिंह गोगी के नेतृत्व में किसान प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जिलाधिकारी पीलीभीत से शिष्टाचार भेंट कर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में माधोटांडा-टनकपुर बाईपास मार्ग पर स्थित माधोटांडा मार्ग से जुड़े चौराहे का नाम किसान मसीहा श्रद्धेय बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के नाम पर रखे जाने तथा वहां एक भव्य चौराहे का निर्माण कराए जाने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि जनपद पीलीभीत एक कृषि प्रधान जिला है, जहां बड़ी संख्या में किसान खेती-किसानी पर निर्भर हैं। किसानों के सम्मान और उनके योगदान को देखते हुए उक्त चौराहे का नाम बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के नाम पर रखा जाना जिले के किसानों के लिए सम्मान और गौरव का विषय होगा। जिलाध्यक्ष गुरदीप सिंह ने कहा कि पीलीभीत का किसान हमेशा देश और प्रदेश की उन्नति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। ऐसे में किसान नेता बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के नाम पर चौराहे का नामकरण किसानों के संघर्ष और योगदान को उचित सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। जिलाधिकारी ने ज्ञापन प्राप्त कर मांग को गंभीरता से सुना और सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि प्रस्ताव पर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही कराते हुए चौराहे के निर्माण एवं नामकरण के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर जमुना प्रसाद, नानक सिंह, बलजीत सिंह, महताब सिंह, हरप्रीत सिंह, दिलशाद, मीडिया प्रभारी गुरजीत सिंह बिरक, अजय सहित भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के अनेक पदाधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।