पेड़ों की छंटाई के लिए 29 जुलाई को चार घंटे बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित, व्यवस्था सुधारने का कार्य करेगा विद्युत विभाग

मुरादाबाद। शहर में उपभोक्ताओं को भविष्य में अधिक सुरक्षित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्युत विभाग 29 जुलाई को आवश्यक रखरखाव कार्य करेगा। इस दौरान 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पीटीसी, कंपनी बाग, जिगर कॉलोनी एवं टेली स्टैंड से जुड़े क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति सुबह 6:00 बजे से 10:00 बजे तक अस्थायी रूप से बाधित रहेगी।

विद्युत नगरीय वितरण खंड (तकनीकी) के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार सिंह ने बताया कि विद्युत लाइनों के आसपास पेड़ों की कटाई-छंटाई का कार्य कराया जाएगा, जिससे बिजली आपूर्ति व्यवस्था अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बनाई जा सके।

इस दौरान कमिश्नर कार्यालय, जज कंपाउंड, ऑफिसर्स कॉलोनी, कमिश्नर एवं जिलाधिकारी आवास, चक्कर की मिलक, आदर्श कॉलोनी, नवीन नगर, डिटेलिंग, पुलिस लाइन, जिगर कॉलोनी, जयन्त, आरटीएस, बुध बाजार, मालवीय नगर, कोतवाली नगर, स्टेशन रोड, आर्य समाज, प्रिंस रोड, गांधी नगर, जवाहर नगर और रामपुर रोड सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यह कार्य बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है। रखरखाव कार्य पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पुनः सामान्य कर दी जाएगी।