मुरादाबाद में हाईस्कूल-इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, नकल का कोई मामला नहीं

मुरादाबाद। जिला विद्यालय निरीक्षक, मुरादाबाद के निर्देशन में मंगलवार को हाईस्कूल कम्पार्टमेंट/इम्प्रूवमेंट एवं इंटरमीडिएट इम्प्रूवमेंट परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के लिए इंटर कॉलेज, मुरादाबाद को केंद्र बनाया गया था, जहां जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्वयं पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

प्रथम पाली में आयोजित हाईस्कूल परीक्षा के लिए 450 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 433 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 17 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में आयोजित इंटरमीडिएट इम्प्रूवमेंट परीक्षा में 267 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 254 उपस्थित हुए और 13 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

जिला विद्यालय निरीक्षक रितु तोमर ने बताया परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान किसी भी परीक्षार्थी को अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए नहीं पकड़ा गया और नकल का एक भी मामला सामने नहीं आया। प्रशासन की कड़ी निगरानी और प्रभावी व्यवस्थाओं के चलते परीक्षा बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हुई।