विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर जिला कारागार मुरादाबाद में स्वास्थ्य शिविर, बंदियों की हुई जांच

मुरादाबाद। विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिला कारागार, मुरादाबाद में स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष स्वास्थ्य एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य बंदियों के स्वास्थ्य की जांच करना, उन्हें हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना तथा समय पर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव, स्वास्थ्य विभाग की दिशा टीम तथा अन्य चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे। कारागार प्रशासन की ओर से जेल अधीक्षक अनिल कुमार ने सभी अधिकारियों का स्वागत किया।

शिविर के दौरान बंदियों की हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी, एचआईवी, टीबी, सिफिलिस, एसटीआई तथा एक्स-रे सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांचें की गईं। चिकित्सकों ने बंदियों को हेपेटाइटिस से बचाव, स्वच्छ जीवनशैली अपनाने, नियमित योग एवं व्यायाम करने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। मेडिकल टीम ने बंदियों की काउंसलिंग भी की।

कार्यक्रम में चिकित्साधिकारी डॉ. सिराज अहमद ने भविष्य में भी जिला कारागार में नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने पर जोर दिया, ताकि बंदियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इस अवसर पर कारागार प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

कारागार प्रशासन ने बताया कि ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य बंदियों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करना तथा उन्हें विभिन्न संक्रामक बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक बनाना है।