गोंदिया स्टेशन पर किलाबंदी टिकट जांच अभियान, 24 ट्रेनों की जांच में 193 यात्रियों पर कार्रवाई, ₹1.18 लाख से अधिक का राजस्व

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल ने 27 जुलाई 2026 को गोंदिया रेलवे स्टेशन पर विशेष किलाबंदी टिकट जांच अभियान चलाकर बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म और 24 ट्रेनों में सघन जांच की गई, जिसमें 193 मामलों में कार्रवाई करते हुए रेलवे ने ₹1,18,005 का राजस्व अर्जित किया।

जांच के दौरान 113 बिना टिकट यात्रियों से ₹90,605, 34 अनियमित टिकट वाले यात्रियों से ₹22,800 तथा 46 अतिरिक्त सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों से ₹4,600 का जुर्माना वसूला गया।

यह विशेष अभियान सहायक वाणिज्य प्रबंधक (चेकिंग) अरविंद साव के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान में 8 मुख्य टिकट निरीक्षक, 17 यात्रा टिकट परीक्षक (टीटीई) और 2 एमटीएस सहित कुल 27 कर्मचारियों ने भाग लिया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह ने बताया कि ऐसे विशेष टिकट जांच अभियान का उद्देश्य बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी रोक लगाना, रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा यात्रियों में नियमों के पालन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि नागपुर मंडल में भविष्य में भी इस तरह के विशेष जांच अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए आवश्यकतानुसार प्लेटफॉर्म टिकट का उपयोग करें तथा रेलवे परिसर में स्वच्छता बनाए रखें। रेलवे अधिनियम के तहत बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाती है।