ऑपरेशन ‘यात्री सुरक्षा’ में आरपीएफ की बड़ी कामयाबी, 4.50 लाख के स्वर्ण आभूषण चोरी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल की रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन ?यात्री सुरक्षा? के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए चलती ट्रेन से करीब 4.50 लाख रुपये मूल्य के स्वर्ण आभूषण चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रायपुर के सुपुर्द कर दिया गया है।

मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ नागपुर के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के तहत बताया गया कि 19 जुलाई 2026 को गाड़ी संख्या 20844 भगत की कोठी एक्सप्रेस के ए-2 कोच में यात्रा के दौरान यात्री के स्वर्ण आभूषण चोरी हो गए थे। इस संबंध में जीआरपी रायपुर ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(सी) के तहत मामला दर्ज किया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ नागपुर मंडल की टास्क टीम और रायपुर मंडल की संयुक्त टीम ने लगातार जांच शुरू की। जांच के दौरान गोंदिया, राजनांदगांव और डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशनों सहित संबंधित कोच के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।

जांच के दौरान 26 जुलाई को डोंगरगढ़ (छत्तीसगढ़) से नवीन पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी नितिन पटेल की पहचान हुई, जिसका हुलिया सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध से मेल खाता था। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी रायपुर को सौंप दिया गया।

रेल सुरक्षा बल ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी निगरानी और खुफिया तंत्र की मदद से अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यात्रियों और आम नागरिकों से अपील की गई है कि रेलवे से जुड़े किसी भी अपराध की जानकारी, फोटो या वीडियो तुरंत रेल सुरक्षा बल या संबंधित जांच एजेंसी को उपलब्ध कराएं, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।