चलती ट्रेन में रेलवे बना जीवनरक्षक, गंभीर मरीज को समय पर मिला ऑक्सीजन सिलेंडर, बची जान

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल ने एक बार फिर "यात्री सेवा सर्वोपरि" की भावना को साकार करते हुए मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। ट्रेन संख्या 12809 हावड़ा?सीएसएमटी मेल में यात्रा कर रही एक गंभीर मरीज को समय रहते मेडिकल ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराकर उसकी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की गई।

जानकारी के अनुसार, 21 जुलाई 2026 को ट्रेन के ए-2 कोच में यात्रा कर रही 65 वर्षीय श्रीमती सुनीता को लगातार मेडिकल ऑक्सीजन की आवश्यकता थी। नागपुर स्टेशन से ट्रेन रवाना होने के बाद नियमित टिकट जांच के दौरान परिजनों ने ट्रेन कैप्टन एवं उप मुख्य टिकट निरीक्षक राजेश मिश्रा को बताया कि उनके पास मौजूद ऑक्सीजन सिलेंडर में कुछ ही घंटों की ऑक्सीजन बची है और तत्काल नए सिलेंडर की आवश्यकता है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राजेश मिश्रा ने बिना समय गंवाए नागपुर कमर्शियल कंट्रोल से संपर्क किया। स्थानीय स्तर पर व्यवस्था संभव न होने पर रायपुर कमर्शियल कंट्रोल, स्टेशन अधिकारियों और मेडिकल टीम के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया गया। उनके सतत प्रयासों के चलते जैसे ही ट्रेन रायपुर स्टेशन पहुंची, रेलवे टीम ने भरा हुआ मेडिकल ऑक्सीजन सिलेंडर सीधे कोच तक पहुंचाकर तत्काल स्थापित कर दिया।

समय पर ऑक्सीजन मिलने से मरीज की स्थिति स्थिर बनी रही और वे सुरक्षित रूप से अपनी यात्रा जारी रख सकीं। मरीज के परिजनों ने संकट की घड़ी में त्वरित सहायता के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और भारतीय रेलवे का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रेलकर्मियों की संवेदनशीलता और तत्परता ने उनका भरोसा और मजबूत किया है।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता प्रदान करना दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह ने कहा कि नागपुर मंडल के कर्मचारी हर परिस्थिति में यात्रियों को बेहतर और मानवीय सेवा उपलब्ध कराने के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं।

यह घटना भारतीय रेलवे की "यात्री सेवा सर्वोपरि" की भावना, उत्कृष्ट समन्वय और मानवीय संवेदनशीलता का प्रेरणादायक उदाहरण है, जिसने एक बार फिर साबित किया कि संकट की घड़ी में भारतीय रेलवे केवल परिवहन का माध्यम नहीं, बल्कि यात्रियों का भरोसेमंद साथी भी है।