आषाढ़ी वारी 2026: मध्य रेल ने 100 विशेष ट्रेनें चलाकर 1.13 लाख श्रद्धालुओं को पहुंचाया पंढरपुर, यात्री राजस्व में 20% की बढ़ोतरी

मुंबई। आषाढ़ी वारी 2026 के अवसर पर मध्य रेल ने पंढरपुर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए व्यापक व्यवस्थाएं करते हुए सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक रेल यात्रा सुनिश्चित की। 25 जुलाई 2026 को आयोजित इस विशाल धार्मिक आयोजन के दौरान मध्य रेल ने तीन प्रमुख दिनों में 100 विशेष एवं नियमित ट्रेनों का संचालन किया, जो पिछले वर्ष संचालित 91 ट्रेनों से अधिक है।

24 से 26 जुलाई के बीच पंढरपुर रेलवे स्टेशन पर करीब 1,13,197 यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 1,10,066 थी। इसी अवधि में यात्रियों से होने वाली आय भी बढ़कर 1.27 करोड़ रुपये पहुंच गई, जो पिछले वर्ष के 1.07 करोड़ रुपये की तुलना में लगभग 20 प्रतिशत अधिक रही।

टिकट और भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्टेशन पर 5 अतिरिक्त टिकट काउंटर, 5 ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) और 10 मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग सिस्टम (एमयूटीएस) लगाए गए। यात्रियों को मोबाइल टिकटिंग के लिए रेलवन ऐप के उपयोग के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। स्टेशन परिसर में बैरिकेडिंग, वैज्ञानिक कतार व्यवस्था और फुटओवर ब्रिज पर नियंत्रित आवागमन की विशेष व्यवस्था की गई।

यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं

श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए 12,330 वर्गमीटर क्षेत्र में स्थायी होल्डिंग एरिया विकसित किए गए। इस वर्ष अतिरिक्त 1,320 वर्गमीटर का नया होल्डिंग एरिया तथा 3,000 वर्गमीटर क्षेत्र में माल गोदाम पर शेड का निर्माण भी किया गया। स्वच्छता के लिए कुल 188 अस्थायी एवं स्थायी शौचालय, 24 घंटे सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई।

सुरक्षा और चिकित्सा पर विशेष फोकस

पूरे स्टेशन परिसर की निगरानी के लिए 80 सीसीटीवी कैमरों से लैस आधुनिक कमांड एवं कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया। यात्रियों को जानकारी देने के लिए 5 वीडियो वॉल, ट्रेन इंडिकेशन बोर्ड और हिंदी, अंग्रेजी, मराठी तथा कन्नड़ भाषा में सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली संचालित की गई।

चिकित्सा सुविधा के तहत स्वास्थ्य इकाई, मेडिकल बूथ और 24 घंटे एंबुलेंस सेवा उपलब्ध रही। मेडिकल टीम ने आयोजन के दौरान 1,219 श्रद्धालुओं का उपचार किया। वहीं ट्रेनों के सुरक्षित संचालन के लिए टिकट जांच स्टाफ, आरपीएफ और सिविल डिफेंस की संयुक्त टीमों ने प्रत्येक ट्रेन के प्रस्थान से पहले डोर क्लोजिंग जांच सुनिश्चित की।

एनजीओ ने किया सहयोग

विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों ने लगभग एक लाख श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली।

मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील निला ने बताया कि आषाढ़ी वारी 2026 के सफल आयोजन में सभी विभागों, रेलवे कर्मचारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और श्रद्धालुओं के सहयोग से सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित की गई। मध्य रेल भविष्य में भी श्रद्धालुओं को बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।