जोधपुर-गांधीग्राम एक्सप्रेस के टर्मिनल स्टेशन में बदलाव, अब साबरमती नहीं बल्कि गांधीग्राम से चलेगी ट्रेन

जोधपुर। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जोधपुर-गांधीग्राम-जोधपुर एक्सप्रेस रेलसेवा के टर्मिनल स्टेशन में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब यह ट्रेन साबरमती स्टेशन के स्थान पर गांधीग्राम स्टेशन से आगमन और प्रस्थान करेगी। इसके साथ ही मार्ग में चांडखेडा स्टेशन पर भी अतिरिक्त ठहराव दिया गया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि गाड़ी संख्या 14821, जोधपुर-गांधीग्राम प्रतिदिन एक्सप्रेस 26 अगस्त 2026 से जोधपुर से अपने निर्धारित समय सुबह 10:00 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन चांडखेडा स्टेशन पर रात 8:15 बजे पहुंचेगी और 8:17 बजे प्रस्थान कर रात 9:00 बजे गांधीग्राम स्टेशन पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 14822, गांधीग्राम-जोधपुर प्रतिदिन एक्सप्रेस 27 अगस्त 2026 से गांधीग्राम स्टेशन से सुबह 7:00 बजे रवाना होगी। ट्रेन चांडखेडा स्टेशन पर सुबह 7:09 बजे पहुंचेगी तथा 7:11 बजे प्रस्थान कर शाम 6:10 बजे जोधपुर पहुंचेगी।

रेलवे का कहना है कि टर्मिनल स्टेशन में यह परिवर्तन और चांडखेडा स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया गया है, जिससे स्थानीय यात्रियों को भी बेहतर रेल संपर्क का लाभ मिल सकेगा।