मानसून में सुरक्षा पर विशेष फोकस: डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने जैसलमेर और रामदेवरा स्टेशनों का किया निरीक्षण

जोधपुर। मानसून के दौरान सुरक्षित और निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने जैसलमेर और रामदेवरा रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं, यात्री सुविधाओं और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने जैसलमेर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। जहां भी कोई कमी पाई गई, उसे तत्काल दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मानसून को देखते हुए डीआरएम ने दोनों स्टेशनों पर सफाई व्यवस्था और वर्षा जल निकासी प्रणाली का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि स्टेशन परिसर और भवनों में जलभराव की स्थिति न बनने पाए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने सुरक्षा और संरक्षा से जुड़े विभिन्न मानकों की भी जांच की तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की कार्यप्रणाली और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का आकलन किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और समर्पण के साथ कार्य करें, ताकि रेल संचालन सुरक्षित, सुचारु और समयबद्ध बना रहे।

निरीक्षण के दौरान मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, सुपरवाइजर और निरीक्षक भी उपस्थित रहे। रेलवे ने कहा कि मानसून के पूरे मौसम में ट्रैक, स्टेशनों और अन्य रेल परिसंपत्तियों की लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित और निर्बाध रेल यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।