यूसीसी, एनआरसी एवं गौ-राज्यमाता के समर्थन में सर्व समाज समन्वय महासभा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को सौंपा प्रदेशव्यापी जनसमर्थन दस्तावेज

छत्तीसगढ़ 26.7.2026। छत्तीसगढ़ की राजनीति और सामाजिक विमर्श के बीच सर्व समाज समन्वय महासभा एवं राष्ट्र प्रथम संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से सौजन्य भेंट कर समान नागरिक संहिता (UCC), राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) एवं गौ-राज्यमाता के समर्थन में विभिन्न समाजों से प्राप्त जनसमर्थन एवं अभिलेख मुख्यमंत्री को सौंपे।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सर्व समाज समन्वय महासभा के प्रांतीय अध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) संजीव कर्मकार 'वशिष्ठ' ने किया। इस दौरान राष्ट्र प्रथम छत्तीसगढ़ के संस्थापक श्री तुषार शाह, सर्व आदिवासी समाज के प्रांतीय अध्यक्ष श्री शिशुपाल सोड़ी, महासभा के कार्यकर्ता श्री प्रशांत जगत सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को वर्ष 2023 से प्रदेशभर में संचालित जनसमर्थन अभियान के अंतर्गत विभिन्न समाजों के अध्यक्षों द्वारा अपने-अपने लेटरपैड पर दिए गए समर्थन-पत्र, हस्ताक्षरित दस्तावेज तथा संबंधित अभिलेख सौंपे। अभियान के माध्यम से विभिन्न जिलों में समाज प्रमुखों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से संवाद कर व्यापक समर्थन प्राप्त किया गया।
प्रो. (डॉ.) संजीव कर्मकार 'वशिष्ठ' ने बताया कि वर्ष 2025 में रायपुर में आयोजित विशाल सर्वसमाज बैठक में 350 से अधिक समाज अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लेकर समान नागरिक संहिता सहित राष्ट्रीय एवं सामाजिक महत्व के विषयों पर समर्थन व्यक्त किया था। उन्होंने कहा कि यह अभियान समाजों के बीच संवाद, समरसता एवं जनभागीदारी को मजबूत करने का प्रयास है।
मुख्यमंत्री से भेंट के दौरान प्रो. (डॉ.) कर्मकार ने छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में राज्य सरकार की पहल का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यदि यह पहल आगे बढ़ती है तो इससे सामाजिक समानता, न्यायपूर्ण व्यवस्था और सुशासन को बल मिलेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि विभिन्न समाजों द्वारा प्रस्तुत सुझावों एवं समर्थन-पत्रों पर सकारात्मक विचार करते हुए जनभावनाओं के अनुरूप निर्णय लिए जाएँ। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना तथा प्रस्तुत दस्तावेज प्राप्त किए।
इस मुलाकात को राजनीतिक एवं सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि प्रदेश में समान नागरिक संहिता, राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर और गौ-राज्यमाता जैसे विषयों पर चल रही चर्चाओं के बीच विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा अपने समर्थन संबंधी दस्तावेज सरकार को सौंपे गए हैं।