अहमदाबाद मंडल की नई पहल: ओवरहेड जल टैंकों पर विज्ञापन से बढ़ेगी गैर-किराया आय

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने रेलवे की गैर-किराया आय बढ़ाने और उपलब्ध परिसंपत्तियों के व्यावसायिक उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मंडल ने विभिन्न रेलवे स्टेशनों और रेल परिसरों में स्थित 30 ओवरहेड जल टैंकों पर वॉल पेंटिंग के माध्यम से विज्ञापन प्रदर्शन के लिए 5 वर्ष का ई-नीलामी अनुबंध प्रदान किया है।

मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश के नेतृत्व में संपन्न इस अनुबंध के तहत लगभग 2,901 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विज्ञापन प्रदर्शित किए जाएंगे। इस अनुबंध का कुल स्वीकृत मूल्य ₹22,12,500 है। योजना के अंतर्गत अहमदाबाद, मणिनगर, कांकरिया यार्ड, भुज, पालनपुर, महेसाणा, जखवाड़ा, छारोड़ी, साणंद, आंबली रोड, गांधीनगर, खोडियार, साबरमती और भीलड़ी सहित विभिन्न रेलवे परिसरों के ओवरहेड जल टैंक शामिल हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह पहल उपलब्ध परिसंपत्तियों के अधिकतम व्यावसायिक उपयोग के साथ-साथ गैर-किराया राजस्व में बढ़ोतरी का नया माध्यम बनेगी। अहमदाबाद मंडल इससे पहले भी डिजिटल लगेज लॉकर, एक्सेस-कंट्रोल्ड पेड पार्किंग, फ्रेट एलाइड सर्विसेज, ट्रेन साइड वेंडिंग (TSV), महेसाणा स्टेशन पर गेम ज़ोन तथा रेलवे स्टेशनों पर ओला, उबर और रैपिडो जैसी ऐप-आधारित टैक्सी सेवाओं जैसी कई नवाचार परियोजनाएं सफलतापूर्वक लागू कर चुका है।

रेलवे का कहना है कि ओवरहेड जल टैंकों पर विज्ञापन प्रदर्शन की यह नई पहल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ रेलवे की गैर-किराया आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।