तीन प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के टर्मिनल स्टेशन बदले, अब गांधीग्राम से होगा संचालन; चांदखेड़ा रोड पर भी मिलेगा ठहराव

अहमदाबाद। यात्रियों की सुविधा और अहमदाबाद शहर में बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेल मंत्रालय ने तीन प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन में महत्वपूर्ण बदलाव को मंजूरी दी है। नई व्यवस्था के तहत साबरमती जोधपुर एक्सप्रेस, साबरमती आगरा कैंट एक्सप्रेस और साबरमती ग्वालियर एक्सप्रेस का टर्मिनल स्टेशन अब साबरमती के स्थान पर गांधीग्राम होगा। इसके साथ ही तीनों ट्रेनों को चांदखेड़ा रोड रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव भी दिया गया है।

नई व्यवस्था के अनुसार गाड़ी संख्या 14822/14821 गांधीग्राम जोधपुर गांधीग्राम एक्सप्रेस का संचालन 27 अगस्त 2026 से गांधीग्राम स्टेशन से होगा। वहीं, जोधपुर से लौटने वाली ट्रेन 26 अगस्त 2026 से गांधीग्राम तक संचालित होगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 12548/12547 गांधीग्राम आगरा कैंट गांधीग्राम एक्सप्रेस का संचालन क्रमशः 26 अगस्त और 25 अगस्त 2026 से नई व्यवस्था के अनुसार किया जाएगा। यह ट्रेन सप्ताह में चार दिन चलेगी।

वहीं गाड़ी संख्या 22548/22547 गांधीग्राम ग्वालियर गांधीग्राम एक्सप्रेस 27 अगस्त 2026 से गांधीग्राम से तथा 26 अगस्त 2026 से ग्वालियर से नई समय-सारणी के अनुसार संचालित होगी। यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलेगी।

रेल मंत्रालय के निर्णय के तहत तीनों ट्रेनों का चांदखेड़ा रोड रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव भी सुनिश्चित किया गया है। इससे चांदखेड़ा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधे इन महत्वपूर्ण ट्रेनों का लाभ मिलेगा और उन्हें साबरमती या अन्य स्टेशनों तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेनों की नवीनतम समय-सारणी, ठहराव एवं अन्य जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट तथा राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली (एनटीईएस) से अवश्य प्राप्त कर लें।

रेलवे का मानना है कि इस बदलाव से अहमदाबाद शहर के विभिन्न हिस्सों के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी और स्टेशन पर यात्री दबाव का संतुलित प्रबंधन भी सुनिश्चित किया जा सकेगा।