पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने रचा इतिहास, नेपाल के लिए पहली सीधी कंटेनर मालगाड़ी रवाना

गुवाहाटी। भारत-नेपाल रेल संपर्क को नई मजबूती देते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। पहली बार कोलकाता बंदरगाह से नेपाल के विराटनगर कस्टम्स यार्ड तक 40 वैगनों वाली वाणिज्यिक कंटेनर मालगाड़ी का सफलतापूर्वक सीधा संचालन किया गया है। इस उपलब्धि के साथ दोनों देशों के बीच सीमा पार रेल माल परिवहन का एक नया अध्याय शुरू हो गया है।

रेलवे के अनुसार यह परिचालन संशोधित भारत-नेपाल रेल पारगमन प्रोटोकॉल के तहत किया गया। नई व्यवस्था से अब कोलकाता बंदरगाह से विराटनगर तक माल को सीमा पर उतारकर दोबारा लोड करने (ट्रांसशिपमेंट) की आवश्यकता नहीं रहेगी। इससे माल की ढुलाई तेज होगी, परिवहन लागत कम होगी और लॉजिस्टिक्स व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी।

यह ऐतिहासिक संचालन जोगबनी (भारत)?विराटनगर (नेपाल) ब्रॉडगेज रेल लिंक के माध्यम से संभव हुआ। इस रेल लिंक का उद्घाटन जून 2023 में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के तत्कालीन प्रधानमंत्री ने किया था। इसके बाद नवंबर 2025 में संशोधित लेटर ऑफ एक्सचेंज (एलओई) पर हस्ताक्षर होने के बाद नेपाल के लिए सीधी वाणिज्यिक रेल सेवा का मार्ग प्रशस्त हुआ।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने कहा कि यह उपलब्धि भारत और नेपाल के बीच व्यापारिक संबंधों को नई गति देगी। इससे सीमा पार माल परिवहन अधिक तेज, सुरक्षित और किफायती होगा, साथ ही दोनों देशों के बीच व्यापार और आर्थिक सहयोग को भी मजबूती मिलेगी।

एनएफआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि रेलवे भविष्य में भी सीमा-पार रेल संपर्क को और सशक्त बनाने, माल ढुलाई की दक्षता बढ़ाने तथा आधुनिक और विश्वसनीय रेल सेवाओं के माध्यम से भारत-नेपाल व्यापार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।