तिनसुकिया मंडल के बाढ़ प्रभावित रेलखंडों में युद्धस्तर पर बहाली, 700 से अधिक कर्मी चौबीसों घंटे जुटे

तिनसुकिया मंडल के बाढ़ प्रभावित रेलखंडों में युद्धस्तर पर बहाली, 700 से अधिक कर्मी चौबीसों घंटे जुटे

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे का दावा?सुरक्षित और शीघ्र रेल परिचालन बहाल करने के लिए तेज़ी से चल रहा राहत एवं मरम्मत कार्य

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे तिनसुकिया मंडल के बाढ़ प्रभावित रेलखंडों में सामान्य रेल परिचालन जल्द से जल्द बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर बहाली कार्य कर रहा है। सभी प्रभावित स्थानों पर 700 से अधिक कर्मचारियों के साथ पोकलेन, जेसीबी सहित कई भारी मशीनों की तैनाती की गई है और चौबीसों घंटे लगातार मरम्मत एवं सुरक्षा संबंधी कार्य किए जा रहे हैं।

रेलवे के अनुसार, शिमलगुड़ी-लाकुवा, शिमलगुड़ी-नामा आला, आमगुड़ी-सेले गहाट तथा शिमलगुड़ी-शिवसागर टाउन सेक्शनों में ट्रैक और रेल संरचना को मजबूत करने के लिए बैलास्ट, बोल्डर, स्टोन डस्ट, सैंडबैग, बांस एवं रेल पाइलिंग का उपयोग किया जा रहा है। प्रभावित स्थानों पर किनारों की सुरक्षा, ट्रैक सुदृढ़ीकरण और क्षतिग्रस्त संरचनाओं की मरम्मत का कार्य तेज़ गति से जारी है।

बहाली कार्य में आवश्यक निर्माण सामग्री का लगातार परिवहन और उपयोग किया जा रहा है, ताकि ट्रैक को सुरक्षित बनाकर जल्द से जल्द रेल परिचालन शुरू किया जा सके। वरिष्ठ रेल अधिकारी मौके पर लगातार निगरानी रख रहे हैं और बेहतर समन्वय, समय पर संसाधनों की उपलब्धता तथा सुरक्षा मानकों के पालन को सुनिश्चित कर रहे हैं।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कम से कम समय में रेल सेवाएं बहाल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ चौबीसों घंटे कार्य जारी है।