पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की ग्राहक-केंद्रित पहल से माल परिवहन को मिली नई रफ्तार, करोड़ों का राजस्व अर्जित

मालीगांव। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने माल परिवहन सेवाओं को अधिक तेज, सुगम और ग्राहक-अनुकूल बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल शुरू की हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य व्यापारियों को बेहतर लॉजिस्टिक्स सुविधाएं उपलब्ध कराना, माल ढुलाई को आसान बनाना और रेलवे के माल राजस्व में वृद्धि करना है।

रेलवे ने पार्सल सेवाओं के विस्तार के तहत लामडिंग मंडल के नारंगी स्टेशन पर 10 जून 2026 से आवक और जावक दोनों प्रकार के लीज्ड पार्सल की बुकिंग एवं हैंडलिंग, एसएलआर और पार्सल वैन में अग्रिम बुकिंग तथा इंडेंटेड पार्सल ट्रैफिक की सुविधा शुरू कर दी है। वहीं, कटिहार मंडल के बालुरघाट?हिली सेक्शन पर नव निर्मित ब्रॉडगेज स्टेशनों के लिए 23 जून 2026 से प्रभार्य अंतर-दूरी लागू कर माल परिवहन को और अधिक सुगम बनाया गया है।

माल लदान के क्षेत्र में भी एनएफआर ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। अलीपुरद्वार मंडल ने मक्का के 6 रैक (252 वैगन) लोड कर 4.22 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जबकि कटिहार मंडल ने मक्का के 39 रैक लोड कर 23.53 करोड़ रुपये की आय प्राप्त की।

लामडिंग मंडल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए स्टोन चिप्स के 1,712 वैगन बुक कर 6.97 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया। इसके अलावा सीमेंट के 2,420 वैगन की लोडिंग से 9.89 करोड़ रुपये और पेट्रोलियम, तेल एवं लुब्रिकेंट्स (पीओएल) के 444 वैगन की ढुलाई से 4.08 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे का कहना है कि इन पहलों से माल ढुलाई सुविधाओं का विस्तार, लॉजिस्टिक्स ढांचे को मजबूती और ग्राहकों को बेहतर सेवाएं मिल रही हैं। रेलवे व्यापार और उद्योग जगत के लिए अधिक अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ क्षेत्रीय व्यापार, आर्थिक विकास और विश्वसनीय माल परिवहन सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।