कारगिल विजय दिवस पर जोधपुर मंडल ने अमर वीरों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

जोधपुर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में सोमवार को देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में आयोजित पुष्पांजलि समारोह में मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय रेल देश की जीवनरेखा है और इसकी सफलता टीम वर्क, अनुशासन तथा समर्पण पर आधारित है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार किसी ट्रेन का सुरक्षित संचालन विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से संभव होता है, उसी प्रकार रेलवे की हर उपलब्धि सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने रेलकर्मियों से सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहने, नियमों का पालन करने तथा यात्रियों को सुरक्षित, समयनिष्ठ और विश्वसनीय सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि विकसित भारत के निर्माण में भारतीय रेल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और प्रत्येक रेलकर्मी को सेवा-भाव एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान कारगिल युद्ध के अमर वीरों के जीवन, शौर्य और पराक्रम पर आधारित चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में शहीदों के अद्वितीय साहस और बलिदान को दर्शाया गया, जिसका अधिकारियों और कर्मचारियों ने अवलोकन किया।

कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में ऑनलाइन क्विज, कविता पाठ तथा अन्य देशभक्ति प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विजेताओं को समारोह के अंत में सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.आर. बुनकर, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अमित स्वामी, वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर महेंद्र कुमार मीणा, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक पी.एल. मीणा, सहायक मंडल सुरक्षा आयुक्त महेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी ने किया। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा और उपस्थित सभी लोगों ने कारगिल के अमर वीरों के बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया।