बारिश के बीच भी नहीं थमा विकास, बालोतरा स्टेशन पर नए फुट ओवर ब्रिज के छह स्टील गर्डर सफलतापूर्वक लॉन्च

जोधपुर। लगातार हो रही बारिश और प्रतिकूल मौसम भी उत्तर पश्चिम रेलवे के विकास कार्यों की रफ्तार को नहीं रोक सके। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किए जा रहे बालोतरा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को 12 मीटर चौड़े आधुनिक फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण में बड़ी सफलता मिली। ट्रैफिक और पावर ब्लॉक के दौरान 39.8 मीटर लंबे छह स्टील गर्डरों की सफल लॉन्चिंग कर निर्माण कार्य के महत्वपूर्ण चरण को पूरा किया गया।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि इंजीनियरिंग विभाग ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए चुनौतीपूर्ण कार्य को तय समय में सफलतापूर्वक पूरा किया। एफओबी के निर्माण के बाद यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांग यात्रियों को विशेष राहत मिलेगी तथा स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन भी अधिक प्रभावी होगा।

उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बालोतरा रेलवे स्टेशन का लगभग ₹19.88 करोड़ की लागत से व्यापक पुनर्विकास किया जा रहा है। इसके तहत नया और आकर्षक स्टेशन भवन, आधुनिक प्रतीक्षालय, उन्नत टिकट काउंटर, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, आधुनिक शौचालय, वाहन पार्किंग, सुगम प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।

डीआरएम ने कहा कि फुट ओवर ब्रिज के शेष निर्माण कार्य भी तेजी से पूरे किए जाएंगे ताकि यात्रियों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। पुनर्विकास कार्य पूरा होने के बाद बालोतरा रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से लैस, सुरक्षित और अधिक यात्री-अनुकूल स्टेशन के रूप में विकसित होगा, जिससे क्षेत्र के हजारों यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।

मुख्य आकर्षण

12 मीटर चौड़ा आधुनिक फुट ओवर ब्रिज

39.8 मीटर लंबे छह स्टील गर्डरों की सफल लॉन्चिंग

लगभग ₹19.88 करोड़ की लागत से स्टेशन का पुनर्विकास

नया स्टेशन भवन, आधुनिक प्रतीक्षालय और डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली

दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छ पेयजल

सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्री आवागमन की आधुनिक व्यवस्था