बरसात में सड़क निर्माण से वार्डवासियों की बढ़ी परेशानी, ठेकेदार की अनुपस्थिति पर उठे सवाल

बैकुण्ठपुर। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 9 में पंकज पाण्डेय के घर से महेन्द्र पाण्डेय के घर तक बनाई जा रही नाली का निर्माण कार्य इन दिनों विवादों में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि 23 अप्रैल 2026 को टेंडर जारी होने के बावजूद निर्माण कार्य जुलाई के अंतिम सप्ताह, 24 जुलाई 2026 से शुरू किया गया, जबकि इस समय लगातार बारिश होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वार्डवासियों के अनुसार निर्माण कार्य के चलते मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है, जिससे पैदल चलने वाले लोगों, बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को आने-जाने में कठिनाई हो रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि निर्माण स्थल पर ठेकेदार मौजूद नही रहते है, पूरा कार्य ठेकेदार के कर्मचारियों के भरोसे चल रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान आम नागरिकों की सुविधा का कोई ध्यान नहीं रखा गया। सामान्यतः ऐसे कार्यों के दौरान आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग (डायवर्ट रोड) बनाया जाता है, ताकि लोगों को परेशानी न हो, लेकिन वार्ड क्रमांक 9 में ऐसा कोई इंतजाम नहीं किया गया है। परिणामस्वरूप वार्डवासियों का दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है और आवश्यक कार्यों के लिए घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीयों ने नगर पालिका प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि निर्माण स्थल पर नियमित रूप से इंजीनियर की निगरानी सुनिश्चित की जाए, ठेकेदार की उपस्थिति अनिवार्य कराई जाए तथा आम लोगों की सुविधा के लिए तत्काल वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए। साथ ही बारिश के मौसम में निर्माण कार्य की गुणवत्ता की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई गई है।