मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति पर जोर ।

बैकुंठपुर।जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में बुधवार को जिला पंचायत सदस्य एवं स्वास्थ्य समिति की सभापति श्रीमती सुषमा कोराम की अध्यक्षता में स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह के मार्गदर्शन में जिले में संचालित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में आगामी 13 जुलाई 2026 को कलेक्टर द्वारा प्रस्तावित समीक्षा बैठक के मद्देनज़र सभी अधिकारियों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने तथा संबंधित पोर्टलों पर समयबद्ध एवं त्रुटिरहित जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए गए।समीक्षा के दौरान गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, मातृ मृत्यु दर में कमी लाने, नियमित प्रसव पूर्व जांच, जन्म के समय शून्य डोज टीकाकरण तथा 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा मौसमी बीमारियों की रोकथाम, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और क्षेत्रीय निगरानी को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में आयुष्मान कार्ड, वय वंदना योजना, कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, टीबी 100 दिवसीय अभियान, एनसीडी कार्यक्रम के अंतर्गत मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं कैंसर स्क्रीनिंग, मलेरिया, फाइलेरिया सहित अन्य सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।बैठक में जिला अस्पताल के सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आयुष जायसवाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अशरफ अंसारी, जिला नोडल अधिकारी एवं महामारी नियंत्रक डॉ. अभय जुगल तिर्की, बीईई, पटना के बीएमओ डॉ. श्रेष्ठ मिश्रा, सोनहत के बीएमओ डॉ. बलवंत सिंह, बचरापोड़ी के बीएमओ डॉ. अनित बख्ला सहित सभी विकासखंडों के कार्यक्रम प्रबंधक, सुपरवाइजर एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।