18.93 करोड़ रुपये से बदला गोटन रेलवे स्टेशन का स्वरूप, उद्घाटन को तैयार

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल का गोटन रेलवे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पूरी तरह आधुनिक स्वरूप में तैयार हो गया है। लगभग 18.93 करोड़ रुपये की लागत से हुए व्यापक पुनर्विकास के बाद स्टेशन उद्घाटन के लिए तैयार है। आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक डिजाइन से सुसज्जित यह स्टेशन क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करेगा।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि पुनर्विकास के बाद गोटन रेलवे स्टेशन केवल यात्रियों के आवागमन का केंद्र नहीं रहेगा, बल्कि क्षेत्र के विकास और आधुनिक भारत की सोच का प्रतीक भी बनेगा। स्टेशन परिसर में भव्य प्रवेश द्वार, आकर्षक भवन, आधुनिक बुकिंग कार्यालय, वातानुकूलित प्रतीक्षालय, वीआईपी कक्ष, स्वच्छ शौचालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, डिजिटल सूचना प्रणाली और उन्नत प्रकाश व्यवस्था विकसित की गई है।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग प्रतीक्षालय, पेयजल बूथ, नए प्लेटफॉर्म शेल्टर, 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज, आधुनिक साइनेज, कोच डिस्प्ले बोर्ड और आरामदायक बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा ऑटो, दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग, सुव्यवस्थित सर्कुलेटिंग एरिया तथा आसान प्रवेश और निकास मार्ग भी तैयार किए गए हैं।

रेलवे के अनुसार, पुनर्विकास के अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि पार्किंग सहित कुछ अंतिम कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। जल्द ही स्टेशन का उद्घाटन कर इसे यात्रियों के लिए समर्पित किया जाएगा।

रेलवे का कहना है कि अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य केवल स्टेशनों का नवीनीकरण करना नहीं, बल्कि उन्हें स्थानीय संस्कृति, आधुनिक तकनीक और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करना है। गोटन रेलवे स्टेशन इसका उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है और उद्घाटन के बाद क्षेत्र के हजारों यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाओं का लाभ मिलेगा।