भारी बारिश के बीच डीआरएम वेद प्रकाश खुद पहुंचे ट्रैक पर, राहत कार्यों का लिया जायजा, रेल संचालन हुआ बहाल

अहमदाबाद। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण अहमदाबाद के कई इलाकों में रेलवे ट्रैक पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई, जिससे सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए रेल परिचालन प्रभावित रहा। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जल निकासी और ट्रैक की सुरक्षा सुनिश्चित की तथा निर्धारित सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद रेल संचालन दोबारा शुरू कर दिया।

स्थिति का जायजा लेने के लिए मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वेद प्रकाश स्वयं असारवा रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) के पास जलभराव से प्रभावित रेलखंड पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर राहत एवं जल निकासी कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जल निकासी में तेजी लाने, ट्रैक एवं रेल अवसंरचना की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए रेल परिचालन जल्द से जल्द सामान्य करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने इंजीनियरिंग, परिचालन, विद्युत और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं पुनर्स्थापन कार्यों की लगातार निगरानी की। सभी विभागों की संयुक्त टीमों ने युद्धस्तर पर कार्य करते हुए प्रभावित रेलखंड से पानी निकाला और आवश्यक तकनीकी परीक्षण पूरे किए।

रेलवे ने बताया कि ट्रैक की सुरक्षा संबंधी सभी परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे होने के बाद निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए प्रभावित रेलखंड पर रेल परिचालन पुनः शुरू कर दिया गया।

पश्चिम रेलवे ने कहा है कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद यात्रियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अहमदाबाद मंडल की टीमें 24 घंटे सतर्क रहकर मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और सुरक्षित, सुचारु एवं निर्बाध रेल सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।