जलस्तर बढ़ने से पश्चिम रेलवे का रेल संचालन प्रभावित, लोकशक्ति एक्सप्रेस रद्द, दो ट्रेनों का बदला गया मार्ग

मुंबई। पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल में लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण रेल संचालन प्रभावित हुआ है। घोलवड और उमरगाम रोड स्टेशनों के बीच स्थित रेलवे पुल संख्या 203 पर पानी का स्तर खतरे के निशान तक पहुंचने के बाद यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस रेलखंड पर एहतियातन रेल परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।

इस स्थिति के चलते रेलवे ने कुछ ट्रेनों को रद्द तथा कुछ के मार्ग में परिवर्तन किया है।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 22928 अहमदाबाद?बांद्रा टर्मिनस लोकशक्ति एक्सप्रेस (23 जुलाई 2026) को पूर्णतः निरस्त कर दिया गया है।

वहीं गाड़ी संख्या 22185 अहमदाबाद?पुणे एक्सप्रेस (23 जुलाई 2026) को सूरत?पालधी?जलगांव?मनमाड के परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 12298 पुणे?अहमदाबाद दुरंतो एक्सप्रेस (23 जुलाई 2026) जलगांव?पालधी?उधना?सूरत मार्ग से संचालित की जाएगी।

पश्चिम रेलवे ने बताया कि यह निर्णय पूरी तरह यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। जलस्तर सामान्य होने के बाद रेल परिचालन बहाल किया जाएगा। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति रेलवे की आधिकारिक माध्यमों से अवश्य जांच लें।