हापा–नाहरलागुन स्पेशल ट्रेन अब एलएचबी कोच के साथ चलेगी, यात्रियों को मिलेगा अधिक सुरक्षित और आरामदायक सफर

यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने गाड़ी संख्या 09525/09526 हापा?नाहरलागुन?हापा स्पेशल ट्रेन के आईसीएफ रेक को आधुनिक एलएचबी रेक में परिवर्तित करने का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था लागू होने से यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, आरामदायक और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।

रेलवे के अनुसार, हापा से 29 जुलाई 2026 तथा नाहरलागुन से 1 अगस्त 2026 से यह ट्रेन एलएचबी कोचों के साथ संचालित होगी।

नई कोच संरचना के तहत ट्रेन में कुल 21 एलएचबी कोच होंगे, जिनमें 1 एसएलआर/डी, 1 एसएलआर, 4 सामान्य श्रेणी, 11 स्लीपर, 3 एसी थर्ड और 1 एसी सेकेंड कोच शामिल रहेंगे। इससे पहले यह ट्रेन 22 आईसीएफ कोचों के साथ संचालित हो रही थी।

रेलवे का कहना है कि एलएचबी कोच आधुनिक तकनीक से निर्मित होते हैं, जिनमें बेहतर सुरक्षा, अधिक आरामदायक सफर, कम झटके और उच्च गति पर भी बेहतर स्थिरता जैसी सुविधाएं उपलब्ध होती हैं। इस बदलाव से हापा और नाहरलागुन के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।