अमृत भारत स्टेशन योजना: आधुनिक सुविधाओं से सजा पनकी धाम रेलवे स्टेशन, यात्रियों को मिलेगा बेहतर सफर

कानपुर। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कानपुर का पनकी धाम रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर नए स्वरूप में तैयार हो गया है। करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से हुए पुनर्विकास के बाद यह स्टेशन अब यात्रियों के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और अत्याधुनिक रेल सेवाओं का केंद्र बन गया है। साथ ही इसकी वास्तुकला में पनकी धाम की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी विशेष स्थान दिया गया है।

वर्ष 1981 में स्थापित इस स्टेशन का निर्माण कानपुर सेंट्रल पर बढ़ते यात्री दबाव को कम करने के उद्देश्य से किया गया था। समय के साथ औद्योगिक विकास और प्रसिद्ध पंचमुखी श्री हनुमान मंदिर, पनकी धाम में आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के कारण यह स्टेशन शहर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शामिल हो गया।

पुनर्विकास के तहत स्टेशन पर द्वि-मंजिला स्टेशन भवन, विशाल प्रतीक्षालय, एक्जीक्यूटिव लाउंज, रिटायरिंग रूम, आधुनिक टिकटिंग क्षेत्र, नए प्लेटफॉर्म शेल्टर, आधुनिक शौचालय, बेहतर पेयजल व्यवस्था, डिजिटल सूचना प्रणाली और उन्नत प्रकाश व्यवस्था विकसित की गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज, अतिरिक्त फुट ओवर ब्रिज, लिफ्ट, रैंप और दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

स्टेशन परिसर में लगभग 4,500 वर्गमीटर क्षेत्र को आधुनिक सर्कुलेटिंग एरिया के रूप में विकसित किया गया है, जिसमें अलग प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग, हरित क्षेत्र और सुगम आवागमन की व्यवस्था की गई है।

पनकी धाम रेलवे स्टेशन की विशेष पहचान इसकी धार्मिक थीम है। स्टेशन के डिजाइन में स्थानीय संस्कृति और भगवान हनुमान की भक्ति परंपरा की झलक दिखाई देती है। रेलवे का मानना है कि यह स्टेशन न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देगा, बल्कि धार्मिक पर्यटन, स्थानीय उद्योग, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति प्रदान करेगा।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उत्तर प्रदेश में विकसित किए जा रहे 156 रेलवे स्टेशनों में शामिल पनकी धाम रेलवे स्टेशन अब आधुनिक रेल अवसंरचना और सांस्कृतिक विरासत का नया प्रतीक बनकर उभरा है।