बारहसिंगा के 3 अवैध सींगों के साथ तस्कर गिरफ्तार

बरेलीशहर की थाना किला पुलिस ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कर एक आरोपी को बारहसिंगा के तीन अवैध सींगों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 4.350 किलोग्राम वजन के तीन सींग, एक मोबाइल फोन और एक कार बरामद की है। आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई थाना किला पुलिस शमशान भूमि फाटक के आगे मढ़ीनाथ जाने वाले तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने विशाल गुप्ता निवासी संजय नगर, थाना बारादरी को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके पास से बारहसिंगा के तीन अवैध सींग बरामद हुए। साथ ही उसका मोबाइल फोन जब्त किया गया और जिस कार में वह सींग लेकर जा रहा था, उसे भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया। पूछताछ में कबूला, महंगे दाम पर बेचने जा रहा था सींग पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे पैसों की जरूरत थी, इसलिए वह बारहसिंगा के सींगों को ऊंचे दाम पर बेचने जा रहा था। उसने यह भी बताया कि जिस कार में वह सींग लेकर जा रहा था, वह उसने अपने मालिक से बहाने से ली थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना किला में आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी को ये सींग कहां से मिले और वह इन्हें किसे बेचने जा रहा था। यदि इस मामले में किसी बड़े तस्करी नेटवर्क का खुलासा होता है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।