रेलवन ऐप से रेल यात्रा होगी और आसान, एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी रेलवे की सभी प्रमुख सेवाएं

मुंबई। यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, तेज और डिजिटल रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से 'रेलवन (RailOne)' ऐप का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है। यह भारतीय रेलवे का एकीकृत मोबाइल ऐप है, जिसके माध्यम से यात्रियों को रेलवे की लगभग सभी प्रमुख सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो रही हैं।

रेलवन ऐप के जरिए यात्री आरक्षित टिकट, अनारक्षित टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट आसानी से बुक कर सकते हैं। इसके अलावा पीएनआर स्टेटस, ट्रेन की लाइव लोकेशन, कोच पोजीशन, ट्रेन सर्च, भोजन ऑर्डर, टिकट रिफंड और रेल मदद जैसी कई महत्वपूर्ण सुविधाएं भी एक ही ऐप पर उपलब्ध हैं। इससे अलग-अलग सेवाओं के लिए कई ऐप डाउनलोड करने की आवश्यकता नहीं रहती।

डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने के लिए रेलवे ने 31 मार्च 2027 तक विशेष प्रोत्साहन भी जारी रखा है। रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने पर आर-वॉलेट से भुगतान करने वाले यात्रियों को 3 प्रतिशत कैशबैक मिलेगा, जबकि अन्य डिजिटल भुगतान माध्यमों से भुगतान करने पर 3 प्रतिशत की छूट का लाभ दिया जाएगा।

पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवन ऐप डाउनलोड कर इसकी समेकित सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। रेलवे का कहना है कि यह सिंगल-विंडो डिजिटल प्लेटफॉर्म रेल यात्रा को अधिक स्मार्ट, सरल, सुविधाजनक और समय की बचत करने वाला बनाता है।

'एक ऐप, अनेक रेल सेवाएं' की अवधारणा पर आधारित रेलवन ऐप भारतीय रेलवे के डिजिटल परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो यात्रियों को बेहतर, तेज और आधुनिक रेल सेवाओं का अनुभव प्रदान कर रहा है।