मध्य रेल आरपीएफ की बड़ी सफलता: लाखों रुपये के स्वर्ण आभूषण बरामद, चोरी के दो मामलों का किया खुलासा

मुंबई। मध्य रेल की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल करते हुए ट्रेनों में हुई चोरी के दो हाई-प्रोफाइल मामलों का पर्दाफाश किया है। त्वरित कार्रवाई, आधुनिक तकनीक और विभिन्न एजेंसियों के समन्वय से आरपीएफ ने दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये मूल्य के स्वर्ण आभूषण और चोरी का अन्य सामान बरामद किया।

पहले मामले में 11039 महाराष्ट्र एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक यात्री का 181 ग्राम सोने के आभूषणों से भरा बैग चोरी हो गया था। शिकायत मिलते ही आरपीएफ पुणे, जीआरपी और स्थानीय अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर आरोपी की पहचान की। लगातार निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर आरोपी संतोष चंद्रकांत राणे को पुणे रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

दूसरे मामले में 16587 बीकानेर एक्सप्रेस में दो यात्रियों का सामान चोरी हुआ था। इनमें करीब 9.05 लाख रुपये मूल्य के 60 ग्राम सोने के कंगन और अन्य सामान शामिल था। आरपीएफ सोलापुर ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और मोबाइल लोकेशन की मदद से आरोपी राजन कुमार श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया। आरोपी को जीआरपी के हवाले कर उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

मध्य रेल ने कहा कि इन दोनों मामलों का सफल खुलासा आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई, वैज्ञानिक जांच, आधुनिक तकनीक के उपयोग और विभिन्न एजेंसियों के प्रभावी समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। इससे यात्रियों की सुरक्षा के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता और भी मजबूत हुई है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान पर नजर रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या चोरी की घटना की तुरंत सूचना आरपीएफ, जीआरपी या रेलवे हेल्पलाइन 139 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।